भाजपा प्रत्याशी आदेश चौहान ने घर-घर जाकर मांगे वोट
हरिद्वार। बीएचईल वर्कर्स की यूनियनों में से एक हिंदू मजदूर सभा एचएमएस ने भाजपा प्रत्याशी विधायक आदेश चौहान का भव्य स्वागत किया व आदेश चौहान को चुनाव में अपना समर्थन देने की घोषणा की।
इस अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक आदेश चौहान ने कहा कि शिवालिक नगर एवं आसपास की कॉलोनियों में कई रिटायर्ड व कार्यरत कर्मी रहते हैं। जिनको पथ प्रकाश से लेकर घरों की सुरक्षा तक की बड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। उन सबको दुरुस्त करने के लिए हमने बेहतर व्यवस्थाएं दी हैं। कोरोना काल में ऐसे बहुत परिवार थे जिनके बच्चे बाहर थे। घर में कोई देखने वाला नहीं था। ऐसे सभी लोगों की सहायता करने में अग्रणी भूमिका निभाई है। उन्होंने कहाकि जो कांग्रेस के लोग आज वोट मांगने निकले हैं उनसे पूछना होगा कि जब करोना में हम परेशानियां झेल रहे थे तो उस समय सहायता करने कौन आया था, किन लोगों ने दवाइयां पहुंचाई, किन लोगों ने राशन पहुंचाया। यह वक्त उन नेताओं से सवाल करने का है जो केवल वोट के समय में आपके दर पर आते हैं। आदेश चौहान ने कहाकि भेल में कुछ यूनियन चला रहे नेता आज चुनाव मैदान में उतरे हैं। वह किस प्रकार यूनियन के माध्यम से लोगों से धन उगाही व चंदा वसूली करते थे, इस बात को भी हमें संज्ञान लेना होगा।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केंद्र की मोदी सरकार कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही पुरानी पेंशन बहाली की मांग पर विचार कर रही है। इसके साथ ही सरकार केंद्र व राज्य सरकार के अधीन कर्मचारियों के फिटमेंट फैक्टर में वृद्धि कर रही है। जिससे फिटमेंट फैक्टर बढ़ने के साथ साथ केंद्रीय कर्मचारियों के न्यूनतम वेतन में भी बढ़ोतरी हो जाएगी।
सेवानिवृत्त होने वाले सरकारी कर्मचारियों के लिए भी सरकार ने सेवानिवृत्ति पर मिलने वाली सभी तरह के पेंशन लाभ को बिना देरी किए समय पर देने फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हो या राज्य की धामी सरकार अपने कर्मचारियों के हितों के लिए सभी प्रकार की लड़ाई हम लोग लड़ते हैं उनके भविष्य की चिंता सिर्फ भाजपा ही करती है।
इस अवसर पर पंकज शर्मा महामंत्री, मनीष सिंह उपाध्यक्ष, नरेश सिंह मंत्री, वीरेंद्र फाउंडर मेंबर, आशुतोष शर्मा मीडिया सचिव, अशोक शर्मा कार्यालय मंत्री, राजीव सैनी, गौरव, अनुराग भारद्वाज, नरेश नेगी इत्यादि सैकड़ों कार्यकर्ता एवं रिटायर्ड कर्मचारी मौजूद थे।

वहीं दूसरी ओर रानीपुर विधानसभा सीट से भाजपा के प्रत्याशी विधायक आदेश चौहान ने नगर निगम के वार्ड 56 व 57 में देवपुर, मातृसदन रोड, शिव विहार, रुद्रविहार, दीनदयाल आश्रम रोड, जगजीतपुर मे डोर टू डोर जाकर क्षेत्र के लोगों से संपर्क किया गया। उन्होंने भाजपा के पक्ष में लोगों से मतदान करने की अपील की।
इस दौरान आदेश चौहान ने कहाकि भाजपा ही ऐसी पार्टी है जो विकास की सोच रखती है। उन्होंने कहाकि उनके विधायक रहते हुए क्षेत्र में कई विकास के कार्य हुए हैं। यही कारण है की जनता का उन्हें भरपूर सहयोग व समर्थन मिला। उन्होंनें कहाकि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में देश व प्रदेश में विकास की गंगा बह रही है। देश आत्म निर्भर बन रहा है। उन्होंने कहाकि जनता के सहयोग से इस बार भी भाजपा की सरकार बनने जा रही है। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। जगह-जगह लोगों ने भाजपा प्रत्याशी आदेश चौहान का स्वागत किया।