स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज को मिले भारत रत्नः रविन्द्र पुरी

हरिद्वार। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष व श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज ने भारत माता मंदिर के संस्थापक ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानन्द गिरि महाराज को भारत रत्न देने की मांग की है।
अखाड़ा परिषद अध्यक्ष श्रीमहंत रविन्द्र पुरी महाराज ने यह मांग आज भारत माता मंदिर में उनके अवतरण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भारत सरकार से यह मांग की।


उन्होंने कहाकि ब्रह्मलीन महामण्डलेश्वर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज ने सनातन धर्म और देश की आजीवन सेवा की। उन्होंने भारत माता के मंदिर का निर्माण ही नहीं किया, अपितु विदेशों में भी सनातन का परचम फहराया। उनके अथक प्रयासों के कारण सनातन संस्कृति का उन्नयन हुआ। भानुपुरा पीठ के शंकराचार्य रहते हुए भी उन्होंने अनेक कार्य किए। आज उनके शिष्य आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज भी सनातन की पताका को बुलंद किए हुए हैं।


उन्होंने कहाकि स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज को भारत सरकार ने पद्मविभूषण सम्मान से सम्मानित किया, किन्तु वे भारत रत्न का सम्मान पाने के असली हकदार थे। कहाकि जिस प्रकार से मरणोपरान्त अनेक राजनेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और अन्य विभूतियों को मरणोपरान्त भारत रत्न दिया गया है, ठीक उसी प्रकार से स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज को भी भारत रत्न मिलना चाहिए। समारोह की अध्यक्षता आचार्य महामण्डलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरि महाराज ने की। इस दौरान सभी अखाड़ों व सम्प्रदायों के संतों ने स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज को अपने श्रद्धासुमन अर्पित किए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *