प्रदेश में बाढ़ सुरक्षा के पुख्ता इंतजामः महाराज

सिंचाई मंत्री ने किया संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई एवं स्थलीय सर्वेक्षण
हरिद्वार।
प्रदेश में मानसून की दस्तक से पूर्व अपना होमवर्क पूरा करते हुए प्रदेश के सिंचाई, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री श्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को जनपद के संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई एवं स्थलीय सर्वेक्षण करते हुए सिंचाई विभाग द्वारा बाढ़ सुरक्षा हेतु किये गये गए कार्यों का निरीक्षण किया।
प्रदेश के सिंचाई पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री सतपाल महाराज ने गुरुवार को हरिद्वार जनपद के संभावित बाढ़ प्रभावित ग्राम कांगडी, ग्राम बिशनपुर-कुंडी तटबंध, ग्राम भोगपुर-बालावाली तटबंध एवं बालावाली खानपुर तटबंध का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ-साथ बालावाली-खानपुर तटबंध का स्थलीय निरीक्षण भी किया। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने बताया उपरोक्त सभी क्षेत्रों में गंगा नदी से बाहर सुरक्षा हेतु लगातार विभाग द्वारा होमवर्क किया जा रहा है। मानसून से पूर्व बाढ़ सुरक्षा से संबंधित तैयारियों के संबंध वह कई बार विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर चुके हैं। महाराज ने कहा कि सिंचाई विभाग द्वारा पूरे प्रदेश में बाढ़ सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। हम पूरी तरीके से सजग हैं। पूरे उत्तराखंड के अंदर जगह-जगह मॉनिटरिंग कमेटी बना दी गई है। श्री महाराज ने कहा कि भोगपुर से बालावाली तटबंध की सुरक्षा हेतु नाबार्ड मद के अंतर्गत 02 संख्या स्परों के निर्माण की योजना जिसकी लागत 231. 38 लाख, बालावाली से खानपुर तटबंध में नाबार्ड मद से 568.06 लाख की बाढ़ सुरक्षा योजना गतिमान है। इसके तहत 100 मीटर लंबाई के 4 स्पर तथा तटबंध की स्ट्रेन्थिनिंग आदि का कार्य 80 प्रतिशत तक पूर्ण किया जा चुका है। जबकि शेष कार्य भी शीघ्र ही पूर्ण कर दिया जाएगा। सिंचाई मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि बालावाली से खानपुर तटबंध के पुनर्निर्माण की एक वृहद योजना जिसकी लागत 11512.18 लाख है, स्वीकृति हेतु जीएफसीसी पटना को प्रेषित की गई है, जिसकी स्वीकृति हेतु कार्यवाही की जा रही है।
जनपद में संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के हवाई एवं स्थलीय निरीक्षण के अवसर पर क्षेत्रीय विधायक कुंवर प्रणव चैंपियन, सिंचाई विभाग के मुख्य अभियंता जयपाल सिंह, अधिशासी अभियंता डीके सिंह, अधीक्षण अभियंता एनके सिंह, लक्सर के एसडीएम शैलेंद्र नेगी और भाजपा के मंडल अध्यक्ष सुभाष सैनी सहित अनेक भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *