हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र से पूर्व भाजपा विधायक संजय गुप्ता की चुनाव हारने के बाद से हरिद्वार शहर में सक्रियता काफी बढ़ गई है। अमुमन हरिद्वार में होने वाले राजनैतिक, धार्मिक व सामाजिक कार्यक्रमों में इनकी उपस्थिति दर्ज रहती है। वहीं मुख्यमंत्री के हरिद्वार में होने वाले कार्यक्रमों में जहां पूर्व विधायक संजय गुप्ता मौजूद रहते हैं वहीं मदन कौशिक सीएम के कार्यक्रमों से दूरी बनाए रखते हैं। चुनाव के बाद तथा परिणाम आने पर संजय गुप्ता ने खुलकर मदन कौशिक पर पार्टी विरोधी कार्य करने व कुछ प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव में कार्य करने के आरोप लगाए थे। संजय गुप्ता के बयानों के बाद भाजपा में भूचाल आ गया था। जिसकी परिणीति यह हुई की चुनाव परिणाम आने के बाद सीएम की दौड़ में आगे चल रहे मदन कौशिक को केबिनेट में स्थान तक नहीं दिया गया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष पद से भी उनको हटा दिया गया।
अब संजय गुप्ता हरिद्वार में अपना जन्मदिन मना रहे हैं। शनिवार को जहां उन्होंने कुष्ट आश्रम व अजरानंद अधं विद्यालय में बच्चांे को फल आदि वितरित कर अपना जन्मदिन मनाया तो वहीं रविवार की देर शाम कनखल स्थित श्री रामलीला मैदान में अपने जन्मदिन के कार्यक्रम का आयोजन किया। जिसमें बड़ी संख्या में मदन विरोधी खेमे के नेता शामिल हुए। इतना ही नहीं अन्य दलों के नेताओं ने भी जन्मदिन के इस कार्यक्रम में शिरकत की। अन्य लोगों में वहीं नेता व लोग शामिल थे, जिन्हें मदन विरोधी माना जाता है। राजनैतिक लोगों का मानना है कि जन्मदिन के कार्यक्रमों की श्रृंखला आयोजित कर मदन विरोधी खेमे को एकजुट करना उद्देश्य है।
वहीं चर्चा है कि संजय गुप्ता की सक्रियता का एक बड़ा कारण यह है कि हरिद्वार में नगर निगम के चुनाव आने वाले हैं। ऐसे में मेयर पद के लिए संजय गुप्ता हरिद्वार से चुनाव लड़ सकते हैं। चर्चा है कि हरिद्वार में संजय गुप्ता का राजनैतिक दबदबा कायम करने के लिए मदन विरोधी खेमे के लोग संजय गुप्ता का आगे बढ़ा रहे हैं। जिससे मदन के वर्चस्व को रोका जा सके।