हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व लक्सर क्षेत्र से पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा है कि कांग्रेस के शासनकाल में शिक्षा तंत्र को बर्बाद करके रख दिया। इस दौरान वह सब पढ़ाया गया जो वास्तविकता से काफी परे था। उन्होंने कहा कि 70 वर्षों में हमारे दिमाग में शिक्षा के माध्यम से वह भरा गया जिसमें हम अपने ही धर्म, देश के खिलाफ बोलकर स्वयं को प्रगतिशील महसूस करते रहे।
उन्होंने कहा कि हमें पढ़ाया गया की मुगल महान थे, उन्होंने देश को बहुत कुछ दिया, जबकि उन सबको दूर रखा गया जो देश के लिए प्रेरणादाई था। पुस्तकों में मुगलों की प्रशंसा कर हमारे दिमाग में वह सब भर गया जो सत्यता से परे था, किंतु यह नहीं पढ़ाया गया कि गुरु गोविंद सिंह के चारों पुत्रों को किस प्रकार से बलिदान किया गया।
उन्होंने कहा कि आज भी देश में कुछ लोग आक्रांताओं की जय जयकार कर उनका यश गान करते हैं, किंतु छत्रपति शिवाजी, गुरु गोविंद सिंह महाराज, महाराणा प्रताप, पृथ्वीराज चौहान इन सब की वीर गाथाओं को चंद लाइनों में समेट कर अपनी देश विरोधी मानसिकता का परिचय दिया।
वरिष्ठ भाजपा नेता संजय गुप्ता ने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव से महान रही है और रहेगी। भारतीय संस्कृति में वसुदेव कुटुंबकम की भावना रही है। जबकि वर्तमान में इजरायल और हमास के युद्ध में देश में जो कुछ सामने आ रहा है वह किसी से छुपा नहीं है। एक वर्ग विशेष आज उन हमास के आतंकियों के साथ खड़ा है, जिन्होंने घरों में बंद कर बच्चों, महिलाओं की निर्मम हत्या की।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी हमास का समर्थन करते हुए आतंकवादियों के साथ खड़ी है।यह कांग्रेस का असली चेहरा है जिसने 55 वर्षों से अधिक समय तक देश को लुटा। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में एक बार फिर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रचंड बहुमत के साथ केंद्र में भाजपा की सरकार बनेगी और भारत विश्व गुरु के पद पर आसीन होगा।


