भाजपा की बंपर जीत धामी की नीतियों का परिणाम

हरिद्वार। प्रदेश में हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में भाजपा की बंपर जीत से भाजपाई गदगद हैं। जगह-जगह भाजपाइयों ने जीत का जश्न मनाया। भाजपा नेताओं ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विकास परक नीतियों और धाकड़ धामी के मूल्यपरक विकास को बताया। उन्होंने बंपर जीत को जनता की जीत और आगामी चुनाव के लिए भाजपा के लिए इसे जनता का आशीर्वाद बताया।

जीत से गदगद वरिष्ठ भाजपा नेता व लक्सर के पूर्व विधायक संजय गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में पंचायत चुनाव में जिस प्रकार जनता ने भाजपा को प्रचंड जीत दिलाई है, वह सब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास पुरुष पुष्कर सिंह धामी की नीतियों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में धामी के नेतृत्व में विकास की स्थिति यह है कि आज दूरस्थ गांव तक सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ हो पाई हैं। प्रदेश विकास की गति पर निरंतर तेजी से बढ़ रहा है।

विकास योजनाओं का जनता को सीधे लाभ मिल रहा है।भ्रष्टाचार मुक्त प्रदेश बनाने की दिशा में धाकड़ धामी कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार जनता का भाजपा की नीतियों के कारण भाजपा को आशीर्वाद मिल रहा है उससे आगामी चुनाव में पुनः प्रदेश में भाजपा प्रचंड बहुमत से अपना परचम लहराएगी।

जीत की खुशी में उन्होंने मिठाई बांटी और मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली व सीएम धामी के स्वस्थ जीवन की कामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *