डबरानी के पास चट्टान गिरी, एक की मौत-पांच घायल, कई वाहन क्षतिग्रस्त, रेस्क्यू जारी

उत्तरकाशी। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर डबरानी के पास गंगोत्री नेशनल हाईवे पर बड़ी चट्टान गिरी है। बताया जा रहा है कि दोपहर करीब 1 बजे डबरानी के पास पहाड़ी में आग लगने से चट्टान गिरने की घटना घटी। हाईवे पर चट्टान गिरने के कारण कुछ लोग मलबे में दब गए हैं। सूचना पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों का रेस्क्यू किया। अभी तक 1 मृतक, 5 घायल जिनमें 2 पुरुष, 2 महिला व 1 बच्ची शामिल हैं, का रेस्क्यू किया जा चुका है। घायलों को 108 एम्बुलेंस सेवा के जरिए उपचार के लिए हर्षिल भेजा गया है। सभी लोग देहरादून के बताए जा रहे हैं।


हादसे में एक निजी बोलेरो वाहन, एक बाइक, एक मारुति 800, एक बीआरओ का ट्रक, एक जेसीबी मशीन और एक पानी का टैंकर क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना की सूचना पर जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने राहत एवं बचाव टीमों को तत्काल मौके पर पहुंचने के निर्देश दिए। पुलिस, राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल, 108 एम्बुलेंस, राजस्व टीम और आपदा क्लिक रिस्पांस टीम घटनास्थल पर रेस्क्यू कार्य कर रही हैं।


बता दें कि, पहाड़ी से अभी भी लगातार पत्थर गिर रहे हैं। वर्तमान स्थिति को देखते हुए गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोनों ओर से यातायात को सुरक्षित स्थान पर रोक दिया गया है। गंगोत्री और हर्षिल के बीच करीब 500 वाहन रोके गए हैं। फिलहाल, हाईवे से बोल्डर हटाने का कार्य किया जा रहा है। मार्ग पूरी तरह सुरक्षित होने के बाद ही वाहनों की आवाजाही फिर शुरू की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *