हरिद्वार। बहादराबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात बाइक सवार दो हथियारबंद लुटेरों ने घर लौट रहे मिनी बैंक संचालक से करीब सवा लाख रुपए की लूट को अंजाम दे दिया। विरोध करने पर लुटेरों ने संचालक को गोली मारने की भी धमकी दी। मामले में बहादराबाद पुलिस ने तहरीर के आधार पर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बौंगला बहादराबाद निवासी विनोद पुत्र हुकम सिंह रावली महदूद रानीपुर क्षेत्र में पंजाब नेशनल बैंक का मिनी बैंक संचालित करते हैं। शुक्रवार रात करीब 11 बजे वह जब अपनी स्कूटी से घर लौट रहे थे। जब वे पुराने पथरी पावर हाउस के पास कच्ची सड़क पर पहुंचे तो पीछे से काले रंग की बाइक पर आए दो युवकों ने उन्हें रोक लिया। इससे पहले वे कुछ समझ पाते पीछे बैठे युवक ने तमंचा दिखाकर 1 लाख 22 हजार रुपयों से भरा बैग छीन लिया। उन्होंने विरोध करना चाहा तो बदमाशों ने उन्हें गोली मारने की धमकी दीए। लूट की वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों लुटेरे फरार हो गए।
पीडि़त विनोद ने देर रात बहादराबाद थाने पहुंच पुलिस को घटना के संबंध में जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने इलाके में कॉम्बिंग भी की। लेकिन लुटेरों का कुछ पता नहीं चल पाया। पुलिस इलाके के सीसीटीवी की फुटेज भी खंगाल रही है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का दावा है कि शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


