हरिद्वार पंचायत चुनाव से पहले बुधवार को कई लोगों ने भाजपा की सदस्यता ली। हरिद्वार में होने वाले पंचायत चुनाव से पहले भाजपा ने बसपा में बड़ी सेंधमारी की है। हरिद्वार बसपा जिलाध्यक्ष रविंद्र पनियाला ने बसपा का दामन छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया है। रविंद्र पनियाला जिले के कद्दावर गुर्जर नेता भी हैं।
रविंद्र पनियाला के साथ सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सीएम पुष्कर सिंह धामी और पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल ने लोगों को पार्टी की सदस्यता दिलाई। इस दौरान भाजपा में शामिल रविंद्र पनियाला व अन्य लोगों ने कहा कि वह और अधिक ऊर्जा के साथ भाजपा को मजबूत करने का काम करेंगे।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि दोनों नेताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया है। आने वाले समय में कुछ और नेता भी भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि, इन दोनों नेताओं के संगठन में आने से पार्टी को और अधिक बल मिलेगा। साथ ही कहा कि इन दोनों नेताओं से उम्मीद है कि यह अपनी पूरी शक्ति और ताकत के साथ पार्टी को और आगे बढ़ाने का काम करेंगे।