चार गांवों में बिजली चोरी पर ताबड़तोड़ छापेमारी, 66 घरों में पकड़ी गई अवैध लाइन

25 लाख बकाया के बावजूद काटे गए कनेक्शन के बाद फिर जोड़ी कटिया, ऊर्जा निगम सख्त
विनोद धीमान
हरिद्वार।
बिजली चोरी और बकाया बिल धारकों के खिलाफ ऊर्जा निगम ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए क्षेत्र के चार गांवों में एक साथ छापेमारी की। इस दौरान 66 घरों में अवैध रूप से बिजली का उपयोग पकड़ा गया। टीम ने मौके से चोरी में इस्तेमाल किए जा रहे केबल जब्त कर लिए हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी की जा रही है। कार्रवाई के बाद गांवों में हड़कंप मच गया।


अधिशासी अभियंता लक्सर देवेंद्र कुमार के नेतृत्व में एसडीओ सचिन सचदेवा, अवर अभियंताओं और लाइनमैनों की संयुक्त टीम ने निहेंदपुर सुठारी, सुल्तानपुर, टीकमपुर और जसोद्दरपुर गांवों में अभियान चलाया। सुबह-सुबह टीम के पहुंचते ही बिजली चोरी करने वालों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।


जांच के दौरान कई घरों में मीटर से पहले केबल काटकर सीधे लाइन जोड़कर बिजली चोरी की जा रही थी। वहीं कुछ मामलों में ऐसे उपभोक्ता भी मिले, जिनके कनेक्शन बकाया बिल के चलते पहले ही काटे जा चुके थे और मीटर हटाए जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने दोबारा ‘कटिया’ डालकर आपूर्ति बहाल कर ली थी।


एसडीओ सचिन सचदेवा ने बताया कि चारों गांवों में पकड़े गए 66 उपभोक्ताओं पर करीब 25 लाख रुपये का बकाया है। पूर्व में इन सभी के कनेक्शन काटे जा चुके थे, लेकिन इसके बावजूद अवैध रूप से बिजली का उपयोग किया जा रहा था। उन्होंने कहा कि सभी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कराया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।
ऊर्जा निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बकाया बिल जमा न करने और अवैध कनेक्शन लेने वालों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और अन्य बकायेदारों में भी खलबली मची हुई है। ऊर्जा निगम ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय पर बिल जमा करें और अवैध तरीके से बिजली उपयोग न करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *