होटल में महिला कर्मचारी से दुष्कर्म, नाबालिग पर आरोप

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक पांच सितारा होटल में युवती के साथ दुष्कर्म की घटना सामने आई है। दुष्कर्म का आरोप 15 वर्षीय किशोर पर लगा है। आरोप है कि किशोर ने होटल में हाउस कीपिंग का काम करने वाली युवती के साथ होटल के बाथरूम में दुष्कर्म किया। होटल के महिला शौचालय में दुष्कर्म की इस घटना से हड़कंप मच गया। पुलिस द्वारा पीडि़ता का मेडिकल कराने के बाद दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इसके बाद ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर किशोर को संरक्षण में लिया है। पुलिस द्वारा किशोर को आज जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया जाएगा।


पीडि़ता ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। देहरादून के राजपुर रोड स्थित एक होटल में हाउस कीपिंग की नौकरी करती है। शुक्रवार की सुबह पीडि़ता अपना मोबाइल फोन महिला शौचालय के चार्जिंग पॉइंट में लगाकर चार्ज कर रही थी। उसी दौरान महिला शौचालय में एक किशोर घुस गया और पीडि़ता से बात करने लगा। पीडि़ता द्वारा कहा गया कि यह महिला शौचालय है और यहां पुरुषों को आने की अनुमति नहीं है। पीडि़ता ने कहा कि वह मेहमानों से बात नहीं करते हैं। कुछ चाहिए तो रिसेप्शन पर बात करें। उसके बाद किशोर ने शौचालय का दरवाजा बंद कर दिया। आरोप है कि उसने पीडि़ता को पकड़ लिया। पीडि़ता द्वारा शोर भी मचाया गया, लेकिन शौचालय का दरवाजा बंद होने के कारण किसी ने आवाज नहीं सुनी। इसके बाद 15 वर्षीय किशोर ने युवती के साथ दुष्कर्म किया। दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने के बाद किशोर फाइव स्टार होटल से फरार हो गया।


थाना प्रभारी मोहन सिंह ने बताया कि आरोपी किशोर छत्तीसगढ़ का रहने वाला है। वह दो दिन पहले ही अपने माता-पिता और बहनों के साथ होटल में रहने के लिए आया था। पुलिस द्वारा पीडि़ता का मेडिकल कराया गया। मेडिकल में दुष्कर्म की पुष्टि हुई है। इसके बाद ही मुकदमा दर्ज कर किशोर को संरक्षण में ले लिया गया है। आज किशोर को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड में पेश किया जाएगा। छत्तीसगढ़ के इस किशोर की उम्र करीब 15 साल है। वह कद काठी में काफी मजबूत है। बताया जा रहा है कि किशोर की दिमागी हालत सही नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *