लायंस क्लब रानीपुर के प्राकृतिक, मर्म एंव एडवांस चिकित्सा केन्द्र का शुभारम्भ
हरिद्वार। लायन्स क्लब रानीपुर द्वारा संचालित नवनिर्मित प्राकृतिक, मर्म एंव एडवांस चिकित्सा केन्द्र का आज विधिवत शुभारम्भ हुआ। चिकित्सालय का शुभारम्भ श्री चेतनानंद गिरि आश्रम के परमाध्यक्ष श्रीमहंत रामानंद गिरि महाराज, लायंस क्लब के अध्यक्ष रवि सिंघल व सचिव अजय गर्ग ने फीता काटकर शुभारम्भ किया।
चिकित्सा केन्द्र के शुभारम्भ पर केन्द्र संचालकों व चिकित्सकों को अपना आशीवार्द प्रदान करते हुए श्रीमहंत रामानंद गिरि महाराज ने कहाकि यदि व्यक्ति प्रकृति के निकट रहता है तो उसे कोई व्याधि सता नहीं सकती। हमें स्वस्थ रहने और अपनी भावी पीढ़ियों के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रकृति का संरक्षण करना होगा। उन्होंने कहाकि हमें कोई भी ऐसा कार्य नहीं करना चाहिए, जिससे प्रकृति का नुकसान पहुंचे। उन्होंने कहाकि आज लोग प्रकृति के महत्व को जानने लगे हैं और अपने परम्परागत उपायों को अपनाने लगे हैं। उन्होंने कहाकि प्रकृति है तो हम हैं। यदि प्रकृति नहीं रही तो जीवन की कल्पना भी नहीं की जा सकती।
क्लब अध्यक्ष रवि सिघल ने बताया कि लायंस क्लब वर्षों से समाज सेवा के कार्य में जुड़ा है। यहां फिजियोथेरेपी सेंटर चलता था, किन्तु उसे अब और अधिक सुविधाओं के विस्तार के साथ आम लोगों की सेवा में समर्पित किया गया है।
मुख्य चिकित्सक डा. संदीप चौहान ने बताया कि केन्द्र में प्राकृतिक, मर्म, एडवांस एक्यूप्रेशर के साथ फिजियोथेरपी की सुविधा के साथ पंचकर्म आदि सुविधाएं भी लोगों की सुविधार्थ आरम्भ की गई हैं। इन चिकित्सा पद्धतियों के माध्यम से असाध्य रोगों को उपचार किया जाएगा।
इस अवसर पर स्वामी कृष्णानंद गिरि महाराज, रचित अग्रवाल, अवनीश गोयल आदि अनेक गणमान्य लोग मौजूद थे।


