हरिद्वार। सिडकुल स्थित एक फार्मा कंपनी में वर्ष 2015 में मानक के अनुरूप न पाई गई दवा के सैंपल फेल होने के मामले में अदालत ने सख्त रुख अपनाया है। लंबे समय से न्यायालय में पेश न होने पर कोर्ट ने मेडी मार्क ड्रग्स फार्मा कंपनी के प्रोडक्शन केमिस्ट इंचार्ज सुरेंद्र सिंह को भगोड़ा घोषित कर दिया है।
ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि ड्रग कंट्रोल विभाग के निर्देशों के अनुपालन में सुरेंद्र सिंह की तलाश तेज कर दी गई है। उन्होंने बताया कि न्यायालय में बार-बार तलब किए जाने के बावजूद आरोपी के पेश न होने पर विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश प्राप्त हुए थे।
इसके बाद ड्रग विभाग की टीम ने सिडकुल स्थित मेडी मार्क ड्रग्स फार्मा कंपनी में पहुंचकर सुरेंद्र सिंह के संबंध में जानकारी जुटाई। जांच के दौरान पता चला कि सुरेंद्र सिंह काफी समय पहले ही कंपनी से इस्तीफा देकर जा चुका है और वर्तमान में कंपनी में कार्यरत नहीं है।
ड्रग विभाग के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। विभाग की टीम संभावित ठिकानों पर भी तलाश कर रही है, ताकि उसे जल्द से जल्द न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा सके।


