हरिद्वार। भगवानपुर पुलिस ने एक वर्ष से फरार चल रहे पंद्रह सौ रुपये के इनामी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
एसएसपी हरिद्वार ने कोतवाली रूड़की में खुलासा करते हुए बताया कि इनामी वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के अभियान के अंतर्गत भगवानपुर थाना पुलिस ने देर रात एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। एक वर्ष पहले भगवानपुर के बुग्गावाला थाना क्षेत्र की एक फैक्ट्री के मैनेजर ने भगवानपुर थाने में तहरीर दी थी कि अज्ञात लोगों द्वारा जमीन में काफी संख्या में लगे पोपुलर के पेड़ काट दिए हैं। तहरीर के आधार पर साजिद निवासी खेलडी का नाम प्रकाश में आया था जिसे 1 अक्टूबर 2020 को गिरफ्तार किया जा चुका है। गिरफ्तारी के बाद वसीम पुत्र मुस्तकीम व शहजाद पुत्र इस्लाम का नाम भी प्रकाश में आया था परंतु ये दोनों ही एक साल से फरार चल रहे थे। इन दोनों के विरुद्ध गिरफ्तारी के प्रयास भी जारी थे। एसएसपी ने दोनों फरार आरोपियोंपर 15-15 सौ रुपये का इनाम भी घोषित किया था। जिसके अंतर्गत शुक्रवार की देर रात्रि भगवानपुर पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपी वसीम को ग्राम खेलड़ी से गिरफ्तार किया। आरोपी का उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड में भी आपराधिक इतिहास रहा है।

एक साल से फरार ईनामी को पुलिस ने किया गिरफ्तार


