कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भैंसे के आगे बीन बजाई

बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर सरकार का पुतला फूंका
हरिद्वार।
चुनाव नजदीक आते ही सभी दल सक्रिय हो गए हैं। कोई अपनी उपलब्धि गिना रहा है तो कोई सत्ता पक्ष की नीतियों की आलोचना कर रहा है। इसी कड़ी में देश और राज्य में बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। रानीपुर विधानसभा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भैंसे के आगे बीन बजाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बीजेपी सरकार का पुतला भी दहन किया।
इस अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश महासचिव महेश प्रताप सिंह राणा ने सरकार के खिलाफ बोलते हुए कहाकि भाजपा सरकार के राज में महंगाई चरम सीमा पर है। डीजल-पेट्रोल, रसोई गैस और खाद्य पदार्थों के दाम आसमान छू रहे हैं। ये गूंगी बहरी सरकार किसी की नहीं सुन रही है। इसलिए सरकार को नींद से जगाने के लिए उन्हें भैंस के आगे बीन बजानी पड़ी। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनाव में जनता ही इस सरकार को सबक सिखाएगी।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता डा. संजय पालीवाल ने कहाकि जनता भाजपा की नीतियों से त्रस्त आ चुकी है और आने वाले चुनावों में वह सत्ता परिवर्तन का मन बना चुकी है। भाजपा की नीतियां ही उसे ले डूबेंगी। उन्होंने कहाकि प्रदेश में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है।
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस बीजेपी सरकार को घेरने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रही है। कांग्रेस द्वारा बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी का मुद्दा लगातार उठाया जा रहा है। अब धरातल पर कांग्रेस इस मुद्दे के साथ जनता को जगाने का कार्य कर रही है। अब देखना यह होगा कि कांग्रेस द्वारा किए जा रहे इस प्रदर्शन का आम जनता पर क्या असर देखने को मिलता है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *