हरिद्वार। सिडकुल क्षेत्र स्थित कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में नाबालिग लड़कियों से बंधुआ मजदूरी कराने और उनके साथ मारपीट करने के गंभीर मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। मामले में मुख्य आरोपी प्लांट हेड रजनीश शर्मा को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार 24 मार्च को कार्तिक एंटरप्राइजेज कंपनी में मशीन पर काम करने वाली कुछ महिलाओं और युवतियों ने थाना सिडकुल पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि कंपनी के प्लांट हेड रजनीश शर्मा और अन्य लोगों ने दो नाबालिग लड़कियों के आधार कार्ड में उम्र बढ़ाकर उन्हें कंपनी में नौकरी पर रखा। आरोप है कि 24 मार्च को लड़कियों को ऑफिस में बुलाकर उनकी तलाशी ली गई और उनके दुपट्टे से ही हाथ-पांव बांधकर मारपीट की गई तथा उन्हें बेइज्जत किया गया।
शिकायत को गंभीरता से लेते हुए थाना सिडकुल पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। विवेचना के दौरान मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया। पूछताछ में उसके मोबाइल फोन की जांच करने पर घटना से संबंधित वीडियो बरामद हुआ, जिसमें लड़कियों के हाथ-पांव बांधकर उनसे चोरी कबूल कराने का दबाव बनाया जा रहा था।
पुलिस द्वारा कंपनी की रिज्यूम फाइलें जांचने पर यह भी सामने आया कि पीडि़ताओं के मूल आधार कार्ड की फोटोकॉपी में उनकी उम्र बढ़ाकर दिखाई गई थी। साथ ही नाबालिग किशोरियों से वेल्डिंग मशीन जैसे ज्वलनशील और खतरनाक काम कराए जाने की बात भी सामने आई है।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रजनीश शर्मा पुत्र महिपाल शर्मा निवासी रामपुर जेवर थाना जेवर जिला गौतमबुद्ध नगर (नोएडा), हाल पता पीठ बाजार थाना बहादराबाद, उम्र 42 वर्ष को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आरोपित का चालान कर दिया है।


