कर्नाटक के तीर्थयात्रियों की बस पलटी, 15 घायल

उत्तरकाशी। यमुनोत्री हाईवे पर सिलक्यारा बैंड के पास एक यात्रियों से भरी बस पलट गयी। वाहन में कर्नाटक के 40 तीर्थयात्री सवार थे। इनमें से 15 लोगों को हल्की चोटें आई हैं। घायल तीर्थयात्रियों को उपचार के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से पीएचसी ब्रह्मखाल लाया गया। सभी तीर्थयात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।


यमुनोत्री हाईवे पर शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे कर्नाटक के तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस पलट गई। बस में सवार तीर्थयात्री यमुनोत्री धाम के बाद गंगोत्री धाम के दर्शन के लिए जा रहे थे। अभी तीर्थयात्रियों की बस यमुनोत्री हाईवे पर सिलक्यार के पास पहुंची थी कि अचानक वाहन पलट गया। बस पलटने पर यात्रियों में अफरा तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने शोरगुल सुना तो वो दुर्घटनास्थल की ओर दौड़े।


स्थानीय लोगों ने तुरंत दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अन्य स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे। इसके साथ ही एसडीआरएफ और पुलिस की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने रेस्क्यू कर सभी तीर्थयात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं मौके पर एएचआईडीसीएल के कर्मचारियों ने भी बस को अपने मशीन से उठा कर सड़क के किनारे किया। जिसके बाद प्रशासन ने सभी यात्रियों को स्थानीय गाड़ी में बैठाकर वहां से जिला मुख्यालय भेजा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *