लक्सर में बम की सूचना निकली अफवाह, आरोपी गिरफ्तार
विनोद धीमान
हरिद्वार। एक फोन कॉल ने पूरे स्टेशन तंत्र को हाई अलर्ट पर ला दिया। 112 कंट्रोल रूम पर सूचना मिली कि लक्सर रेलवे स्टेशन परिसर में बम रखा गया है। सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने बिना वक्त गंवाए स्टेशन की घेराबंदी कर दी। कुछ देर के लिए यात्रियों की सांसें थम गईं और प्लेटफॉर्म पर हलचल तेज हो गई।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्रवाई सीधे अरुणा भारती पुलिस अधीक्षक जीआरपी के निर्देशन में शुरू हुई। जीआरपी, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा इकाइयों ने स्टेशन परिसर के प्लेटफॉर्म, ट्रैक, प्रतीक्षालय, पार्सल गृह और पार्किंग क्षेत्र की सघन तलाशी ली। हर संदिग्ध वस्तु की बारीकी से जांच की गई। घंटों चले ऑपरेशन के बाद कहीं भी कोई विस्फोटक सामग्री नहीं मिली और स्टेशन को पूरी तरह सुरक्षित घोषित किया गया।
इधर, फर्जी कॉल करने वाले तक पहुंचने के लिए सर्विलांस टीम ने तकनीकी जांच शुरू की। मोबाइल नंबर की इलेक्ट्रॉनिक ट्रैकिंग से कॉल करने वाले की पहचान कुलबीर (35), निवासी ग्राम खानपुर, थाना खानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने जानबूझकर दहशत फैलाने और पुलिस को गुमराह करने के इरादे से झूठी सूचना दी थी। जीआरपी थाना लक्सर में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों को सुरक्षित रखते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधीक्षक जीआरपी अरुणा भारती ने कहा कि सुरक्षा से जुड़े मामलों में मजाक या शरारत की कोई गुंजाइश नहीं है। एक झूठी कॉल से जहां सैकड़ों यात्रियों में दहशत फैल सकती है, वहीं प्रशासनिक संसाधनों पर भी भारी बोझ पड़ता है। उन्होंने ने चेतावनी दी है कि ऐसे कृत्य करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी है।


