गुमशुदगी की गुत्थी सुलझी गंगा में डुबोया शव, पुलिस ने सुलझाया ब्लाइंड मर्डर का राज, चार आरोपी गिरफ्तार

कारोबार और पुरानी रंजिश में अंकित चौहान की हत्या, शव को बाइक से बांधकर गंगा में डुबोया


हरिद्वार। लक्सर कोतवाली पुलिस ने शिवपुरी रायसी निवासी अंकित चौहान की गुमशुदगी के मामले का खुलासा करते हुए ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझा ली है। पुलिस के मुताबिक, कारोबार और पुरानी रंजिश के चलते चार लोगों ने मिलकर अंकित की हत्या की और शव को उसकी मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया। पुलिस ने एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से शव और मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।


जानकारी के अनुसार, 2-3 अगस्त की रात अंकित चौहान मोटरसाइकिल से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में अचानक वह लापता हो गया और उसका मोबाइल फोन भी बंद हो गया। परिजनों की शिकायत पर कोतवाली लक्सर में गुमशुदगी दर्ज की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई।


पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और मोबाइल टावरों की कॉल डिटेल सहित अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। साथ ही मैनुअल पुलिसिंग के जरिए मृतक से जुड़े लोगों और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई गई।


जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अंकित की अपने ही गांव के रहने वाले सचिन, मेहकार, कुलवंत और अंकित चौहान उर्फ फौजी से रंजिश चल रही थी। पुलिस ने चारों से पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपितों ने हत्या की बात स्वीकार की।


पुलिस के मुताबिक, आरोपितों ने बताया कि अंकित ट्रैक्टर-ट्रॉली से होने वाले खनन की मुखबिरी कर उन्हें पकड़वा देता था, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान हो रहा था। इसी रंजिश के चलते उन्होंने अंकित को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। 2 अगस्त की रात जब अंकित घर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसकी मोटरसाइकिल रोककर उसकी हत्या कर दी गई।
इसके बाद शव को शिवपुरी गांव के पास स्थित खुसरो की ठोकर के समीप मोटरसाइकिल से बांधकर गंगा नदी में डुबो दिया गया।


आरोपितों की निशानदेही पर पुलिस ने एसडीआरएफ की टीम और गोताखोरों को मौके पर बुलाया। काफी प्रयास के बाद गंगा नदी में डूबी मोटरसाइकिल और अंकित का शव बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने बरामदगी और पूछताछ के आधार पर मुकदमे में धारा 103, 238 और 61(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की है। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपित अंकित चौहान उर्फ फौजी पूर्व में थाना खानपुर से हत्या के एक मामले में जेल जा चुका है। मामले में आरोपितों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तार आरोपितों के नाम पते सचिन पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार, मेहकार पुत्र पवन, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार
कुलवंत पुत्र कल्लू, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार व अंकित चौहान उर्फ फौजी पुत्र सुरेश पाल, निवासी शिवपुरी रायसी, हरिद्वार बताए गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *