अंधविश्वास की वजह से एक महिला की जान जोखिम में पड़ गई। लोगों ने बताया कि महिला पर ऊपरी छाया थी। ग्रामीण महिला को इलाज के लिए महिला को यूपी के अलीगढ़ जनपद के इगलास के गांव सतलोनी के एक मौलवी के पास ले गए। वहां मौलवी ने झाड़-फूंक करने के बाद महिला से बर्बरता कर दी। भूत उतारने के नाम पर महिला को गर्म सलाखों से दाग दिया। इतना ही नहीं महिला से मौलवी ने मारपीट भी की। इसकी वजह से महिला की जान जोखिम में पड़ गई। पीडि़ता की तबीयत बिगड़ने पर लोग उसे अस्पताल ले गए। पुलिस ने आरोपी मौलवी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
इगलास थाना क्षेत्र के लुखटिया निवासी विष्णु कुमार की 25 वर्षीय पत्नी हेमा से मौलाना ने बर्बरता की। परिजनों ने बताया कि महिला की 10 दिनों से तबीयत ठीक नहीं थी। इस वजह से परिजन महिला को मौलवी के पास झाड़-फूंक कराने के लिए ले गए थे। मौलाना आस मोहम्मद ने झाड़-फूंक के जरिए परिजनों को इलाज का भरोसा दिलाया। परेशान लोग मौलवी की बातों में आ गए। मौलाना ने पहले तो भूत भगाने के नाम पर महिला को गर्म सलाखों से दाग दिया। उसके बाद उससे मारपीट की। परिजन ने बताया कि मौलाना ने इलाज के लिए हेमा को कमरे में बंद कर लिया। इस दौरान महिला ने छेड़खानी करने पर मौलाना का विरोध किया। तभी गुस्साए मौलवी ने उसके साथ हंटर से मारपीट की। इससे भी हेमा की हालत नहीं सुधरी। तभी मौलवी ने झाड़-फूंक करते हुए लोहे की गर्म सलाखों से दाग दिया। पीडि़ता हेमा दर्द से कराहती रही। लेकिन मौलाना को दया तक नहीं आई। परिजनों ने इसकी शिकायत थाने में की। थाना प्रभारी रिपुदमन सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर मौलाना और उसके दो साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपी मौलाना आस मोहम्मद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी मौलवी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है।

महिला को भूत उतारने के नाम पर गर्म सलाखों से दागा, आरोपी मौलवी गिरफ्तार


