हरिद्वार। सास से कहासुनी हाने के बाद नाराज बहु का जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मामला रुड़की की मंगलौर कोतवाली क्षेत्र का है। जहर खाने के बाद महिला बदहवास हालत में गांव के पास जंगल में पड़ी हुई मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और महिला को एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक कलियर थाना क्षेत्र के सोहलपुर गांव निवासी राखी उम्र 30 वर्ष की शादी 11 साल पहले मंगलौर कोतवाली क्षेत्र के गदरजुडडा़ गांव में अर्जुन के साथ हुई थी। दोनों के तीन बच्चे हैं। बताया जा रहा है कि रविवार को राखी व उसकी सास के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद वह घर से नाराज होकर चली गई। परिजनों का कहना है कि काफी तलाश के बाद भी राखी का कुछ पता नहीं चला।
इसी दौरान मंगलवार की सुबह राखी ने अपने किसी रिश्तेदार को फोन कर कहा कि उसने जहर खा लिया है। इसके बाद उसने फोन काट दिया। राखी की है बात सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल राखी की तलाश की। परिजन जब गांव के पास जंगल में पहुंचे तो राखी बदहवास हालत में पड़ी हुई थी। इसके बाद परिजन राखी को मंगलौर के एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने राखी को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


