फर्जी आयु प्रमाण पत्र बनवाकर नाबालिगकी शादी कराए जाने के मामले में पुलिस ने मुकद्मा दर्ज किया है। पुलिस अब आगे की कार्यवाही कर रही है।
उत्तरकाशी जनपद के डुंडा विकासखंड अंतर्गत कुमारकोट गांव में फर्जी प्रमाण पत्र बनवाकर नाबालिग की शादी कराने के मामले में थाना धरासू में वर पक्ष के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के मुताबिक जिला प्रोबेशन अधिकारी यशोदा बिष्ट उत्तरकाशी की तहरीर पर ये मुकदमा दर्ज हुआ है।
धरासू पुलिस ने मामले की जांच ब्रह्मखाल चौकी को सौंप दी है। हालांकि, जिला प्रोबेशन अधिकारी ने बताया कि फर्जी प्रमाण पत्र की जांच के बाद दोनों पक्षों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। विदित हो कि बीते नौ मार्च 2023 कुमारकोट गांव में नाबालिग की शादी की शिकायत मिलने पर प्रशासन की टीम देर शाम गांव पहुंची।
गांव में शादी की तैयारियां पूरी कर बारात का इंतजार किया जा रहा था। प्रशासन की टीम ने जांच की तो हाईस्कूल के प्रमाणपत्र से लड़की की उम्र 16 वर्ष कुछ माह होने की पुष्टि हुई। जिसके बाद शादी रुकवा दी गई थी और हरियाणा से आ रही बारात रास्ते से ही वापस लौट गई थी।
आरोप है कि परिजनों ने हरिद्वार में नाबालिग का फर्जी जन्म प्रमाण बनवाकर पहले ही कोर्ट मैरिज भी करवा दी थी, जिसके बाद मामले की जांच की गई। जांच में फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने की पुष्टि हुई।
प्रभारी निरीक्षक थाना धरासू कमल कुमार लुंठी ने बताया कि फर्जी प्रमाण पत्र बनवाने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है। मामले की विवेचना ब्रह्मखाल चौकी इंचार्ज करेंगे। जिला प्रोबेशन अधिकारी यशोदा बिष्ट ने बताया कि दोनों पक्ष के खिलाफ मुकदमा दायर किया जाना है। प्रभारी निरीक्षक थाना धरासू के अनुसार उपरोक्त मामले में किसी भी दोषी पक्ष को बख्सा नहीं जायेगा।


