जमीन की धोखाधड़ी में महंत गिरफ्तार

हरिद्वार। मंदिर की जमीन को अपना बताकर लाखों रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने आरोपी महंत को गिरफ्तार कर लिया। पीड़ित की ओर से आरोपी महंत के खिलाफ ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था।

पुलिस के मुताबिक मदन लाल पुत्र स्व. कन्हैया लाल निवासी काली माता मंदिर बहादराबाद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि रमेश नाथ चेला पुत्र श्री महंत शिवनाथ निवासी लाल मंदिर कॉलोनी कोतवाली ज्वालापुर ने ऊंचा पुल के पास लाल मंदिर की जमीन को अपना बताकर सौदा तय किया। जिसके एवज में 32 लाख रुपए आरोपी को दिए गए, लेकिन जब पता चला कि जमीन आरोपी के स्वामित्व की नहीं तब आरोपी से अपनी दी हुई रकम वापस मांगी गई।

आरोप है कि आरोपी टालमटोल करता रहा, परेशान होकर पीड़ित ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में ज्वालापुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर आरोपी को पीठ बाजार, ज्वालापुर से गिरफ्तार कर लिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *