सतपाल ब्रह्मचारी भी हर हाल में लड़ेंगे चुनाव!
हरिद्वार। चुनाव तिथि घोषित होने के बाद अब प्रत्याशियों के नामों की घोषणा होना बाकी है। फिलहाल आम आदमी पार्टी ने 25 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। वहीं उक्रांद भी इस दौड़ में आगे निकल गया है। उसने भी अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस व भाजपा दो मुख्य दलों के बीच अभी टिकट बंटवारे को लेकर मंथन का दौर चल रहा है। हरिद्वार की 11 विधानसभा सीटों में सबसे हॉट सीट हरिद्वार शहर की बनी हुई है। जहां भाजपा के मदन कौशिक विगत 20 वर्षों से विधायक हैं। इस बार प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनको टिकट न मिलने की चर्चा जोरों पर थी। वहीं इस सीट से भाजपा के मनोज गर्ग व कन्हैया खेवडि़या ने टिकट के लिए अपनी दावेदारी पेश की हुई है। जैसा की राजनीति में समीकरण पल-पल बदलते हैं। भाजपा में भी ऐसा ही हो रहा है। सूत्र बताते हैं कि पार्टी फिर से मदन कौशिक को हरिद्वार शहर सीट से चुनाव मैदान में उतार सकती है। सूत्र बताते हैं कि भाजपा के आंतरिक सर्वे में सीटों के हिसाब से पार्टी की स्थिति थोड़ी कमजोर दिखायी दे रही है। जिस कारण से भाजपा प्रत्येक सीट पर उन प्रत्याशियों को उतारना चाहती है जो उसे जीत का वरण करा सकें। इन सबको देखते हुए भाजपा एक बार फिर मदन कौशिक पर अपना दांव आजमा सकती है। वहीं हरिद्वार सीट पर कांग्रेस और आप ने भी अपने पत्ते अभी तक नहीं खोले हैं। कांग्रेस में मुख्य मुकाबला टिकट के लिए सतपाल ब्रह्मचारी और डा. आलोक शर्मा के बीच चल रहा है। इन दोंनों के बीच टिकट के खेल में आप अपना समीकरण तलाश रही है। सूत्र बताते हैं कि यदि कांग्र्रेस से सतपाल ब्रह्मचारी का टिकट कटता है तो वे आप के सिम्बल पर चुनाव लड़ सकते हैं। सूत्र बताते हैं कि सतपाल ब्रह्मचारी को इस बार हर हाल में चुनाव लड़ना है। यदि कांग्रेस टिकट नहीं देती है तो आप के सहारे वह चुनावी वैतरणी पार कर सकते हैं।

हरिद्वार शहर सीट से प्रबल हुई मदन कौशिक को टिकट मिलने की उम्मीद


