कनखल के ऐतिहासिक झंडा चौक का होगा कायाकल्प, यातायात भी होगा सुगम


स्थानीय लोगों की सहमति से बनेगी नई योजना, श्रीयंत्र टापू और निर्माणाधीन पुल का भी किया निरीक्षण


हरिद्वार। आगामी कुंभ मेले की तैयारियों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार के कनखल स्थित ऐतिहासिक झंडा चौक का व्यापक सुधार एवं सौंदर्यीकरण किया जाएगा। मेला प्रशासन ने स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर योजना को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।


अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती के नेतृत्व में अधिकारियों और अभियंताओं की टीम ने शनिवार को झंडा चौक का स्थलीय निरीक्षण कर स्थानीय हितधारकों के साथ बैठक की। बैठक में तय किया गया कि ऐतिहासिक ध्वज स्तंभ को चौराहे के केंद्र में स्थापित किया जाएगा तथा यातायात में बाधा बनने वाले बिजली के खंभों और अन्य संरचनाओं को स्थानांतरित किया जाएगा।


योजना के तहत चौराहे का चौड़ीकरण, पैदल यात्रियों के लिए बेहतर सुविधाएं, आधुनिक यातायात प्रबंधन और पूरे क्षेत्र का आकर्षक सौंदर्यीकरण किया जाएगा। साथ ही प्रभावी प्रकाश व्यवस्था भी विकसित की जाएगी ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन मिल सके।


अपर मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्थानीय जनता के सहयोग और सुझावों के अनुरूप कार्यों को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए।
इसके बाद उन्होंने श्रीयंत्र टापू क्षेत्र का निरीक्षण कर कुंभ मेला मद से चल रहे निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। मायापुर स्केप चैनल पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए लोक निर्माण विभाग को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।


लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं ने बताया कि विद्युत लाइन शिफ्ट होने के बाद नदी के दूसरे छोर पर आई-वेल फाउंडेशन का निर्माण कार्य पूरी गति से चल रहा है और निर्धारित समय-सीमा के भीतर पुल का निर्माण पूरा कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *