हरिद्वार। नगर पालिका अध्यक्ष लक्सर व सभासदों के बीच लंबे समय से खींचतान जारी है, जिसके चलते लक्सर नगर पालिका के वार्ड नंबर 7 से सभासद रितेंद्र तिवारी व अन्य सभासदों ने निर्माण कार्यों में धांधली तथा वित्तीय अनियमितता के आरोप लगाते हुए शहरी विकास मंत्रालय में शिकायत की थी, जिसके परिणाम स्वरुप बुधवार को जांच टीम लक्सर पहुंची और विकास कार्यों का निरीक्षण किया।

शहरी विकास मंत्रालय की ओर से जांच टीम जितेंद्र सिंह भदौरिया के नेतृत्व में बनाई गई। टीम ने लक्सर क्षेत्र में पहुंचकर विकास कार्यों का निरीक्षण किया। टीम का कहना है कि अभी जांच चल रही है, जांच पूरी होने के बाद ही निष्कर्ष पर पहुंच जाएगा।
वहीं सभासदों का कहना है कि क्षेत्र में बेंच निर्माण कार्य के लिए ठेका दिया गया था, किंतु बेंच लगने से पूर्व कार्य का भुगतान कर दिया गया है।
वहीं विगत दिनों सभासद और नगर पालिका अध्यक्ष के बीच आरोप प्रत्यारोप का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके चलते नगर पालिका अध्यक्ष की काफी किरकिरी हुई थी। सभासदों का कहना है कि कई क्षेत्रों में सड़क निर्माण कार्य दिखाकर भुगतान कर दिया गया जबकि कोई निर्माण कार्य नहीं हुआ है। वहीं स्वतंत्रता दिवस पर लगाए गए शुभकामना फ्लेक्स को लेकर भी उपजे विवाद में नगर पालिका अध्यक्ष को बैकफुट पर जाना पड़ा था तथा फ्लेक्स पर सभी सभासदों के फोटो लगे पड़े थे।


