हरिद्वार। पहले से ही दो धड़ों में बंटी अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद में एक बार फिर अंदरूनी खींचतान तेज होने की चर्चा है। सूत्रों के अनुसार परिषद के भीतर चल रही उठापटक के कारण संगठन के दोबारा बिखरने की आशंका जताई जा रही है।
बताया जा रहा है कि परिषद के कुछ पदाधिकारियों के बीच लंबे समय से मनमुटाव चल रहा है, जो अब खुलकर सामने आने लगा है। सूत्रों का कहना है कि परिषद के एक पदाधिकारी की सक्रियता और अंदरखाने की रणनीतियों ने विवाद को और बढ़ा दिया है।
चर्चाओं में यह भी कहा जा रहा है कि हालात कुछ ऐसे बन रहे हैं जैसे “भूसे में आग लगाकर जमालो दूर खड़ी”, यानी विवाद खड़ा कर दूरी बनाए रखने की स्थिति एक पदाधिकारी की बतायी जा रही है। परिषद के एक संत की भूमिका को लेकर भी अंदरखाने सवाल उठ रहे हैं।
यदि यह खींचतान आगे बढ़ती है तो पहले से विभाजित परिषद में और टूट की स्थिति बन सकती है। वहीं दूसरी ओर कुछ संतों का मानना है कि यदि नई परिस्थितियां बनती हैं तो विभिन्न परिषदों के बीच फिर से एकता की संभावनाएं भी बढ़ सकती हैं।
अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि आने वाले दिनों में संत समाज के भीतर यह मामला किस दिशा में जाता है और आखिर ऊंट किस करवट बैठता है।


