बड़ी खबरः दांव पर लगायी पत्नी को जुए में हरा नशेड़ी पति

हरिद्वार। महाभारत में पांडवों ने अपनी पंत्नी पांचाली को दांव पर लगाकर उसे हार गए थे। इस दौर में भी ऐसी ही घटना जनपद हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में प्रकाश में आयी है। जहां कलियुगी नशेड़ी पति ने अपनी पत्नी को जुए में दांव पर लगा दिया। महिला का आरोप है कि पति जुए में उसे हार गया और उस पर अन्य जुआरियों के साथ शरीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव बनाया। महिला ने ससुरालियों पर भी दहेज उत्पीड़न व मारपीट का आरोप भी लगाया है। महिला ने न्यायालय में पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर छह नामजद व दो अज्ञात समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।


लक्सर कोतवाली क्षेत्र निवासी महिला नूरजहां काल्पनिक नाम ने न्यायालय में पत्र देकर बताया कि उसका निकाह मार्च 2021 में आसिफ निवासी टोडा कल्याणपुर के साथ मुस्लिम-रीति रिवाज से हुआ था। जिसमें उसके स्वजनों ने अपनी हैसियत से अधिक जेवरात व मोटरसाइकिल समेत सात लाख की रकम दहेज में खर्च की थी, लेकिन महिला के ससुराल पक्ष के लोग शादी के समय से ही दान दहेज से खुश नहीं थे। आरोप है कि महिला के साथ मारपीट कर कार की डिमांड करने लगे। समय के साथ ससुरालियों की ओर से महिला के ऊपर उत्पीड़न और बढ़ गया। महिला ने तहरीर में बताया कि उसका पति नशेड़ी और जुआरी है। वो आए दिन नशे में उसके साथ मारपीट कर पैसे की डिमांड करता है। महिला ने कहा कि नवंबर 2021 का वाक्या था कि नशेड़ी पति ने उसके साथ जबरदस्ती अप्राकृतिक यौन संबंध बनाए और पैसे की डिमांड की। उसने जब पैसे देने से इंकार कर दिया तो पति आसिफ ने उसे पीटा।


महिला का आरोप है कि इन सभी परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए उसके देवर शाकिब ने उसके कमरे में घुसकर जबरन गलत काम करने की कोशिश की। महिला ने जब शोर मचाया तो मौके पर उसके ससुर, सास व ननद पहुंचे, लेकिन वो उल्टा महिला पर ही इल्जाम लगाने लगे। पीडि़ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद पति ने बाहर जाकर उसे जुए में दांव पर लगा दिया और दो अज्ञात व्यक्ति को लेकर घर आया और कहने लगा कि वो जुए में हार गया है और इनके साथ शारीरिक संबंध बनाने पड़ेंगे। पीडि़ता ने जब इसका विरोध किया तो पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। साथ ही अज्ञात जुआरियों के साथ शरीरिक संबंध बनाने के लिए जोर जबरदस्ती की। महिला ने ससुरालियों व अज्ञात जुआरियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देकर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर पति आसिफ, ससुर यूसुफ, सास रिहाना समेत 6 नामजद व दो अज्ञात जुआरियों समेत कुल आठ लोगों के खिलाफ प्रभावी धारा में मुकदमा दर्ज कर लिया है।


कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट ने बताया कि महिला के पति द्वारा महिला को जुए में दांव पर लगाने का मामला प्रकाश में आया है। साथ ही महिला ने दहेज उत्पीड़न का भी आरोप लगाया है। न्यायालय के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ प्रभावी धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *