हरिद्वार। पुलिस ने शनिवार को रायसी पुलिस चैकी क्षेत्र के महाराजपुर में हुई महिला हत्याकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस का दावा है कि हत्यारा महिला का पति अर्जुन ही है। पुलिस के अनुसार अर्जुन को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि अर्जुन अपनी पत्नी पर शक करता था। इसे लेकर दोनों में आए दिन घर में झगड़ा होता था।
लक्सर के कोतवाल प्रदीप चैहान ने कहा कि हत्या आरोपी पति को गिरफ्तार कर उसे मेडिकल के लिए भेज दिया गया है। मेडिकल के बाद आरोपी हत्यारे को न्यायालय में पेश किया जाएगा। महिला की हत्या करने के बाद से अर्जुन फरार चल रहा था। महाराजपुर में रहने वाली नीतू का शव उसके ही घर में पड़ा मिला था। पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी थी। बताया जा रहा है कि अर्जुन की पहली शादी राखी पुत्री मोल्हड़ निवासी बेलड़ा से हुई थी। अर्जुन ने 2017 में उसकी हत्या कर दी थी। वर्तमान में वह जमानत पर बाहर था और ये अर्जुन की दूसरी पत्नी थी। नीतू की शादी अर्जुन से पिछले साल ही हुई थी। इस मामले में पुलिस ने हत्यारोपी अर्जुन पुत्र मामराज निवासी महाराजपुर को हत्या में प्रयुक्त तमंचे व कारतूस के साथ रायसी रोड से गिरफ्तार कर लिया।

दो पत्नियों का हत्यारा पति गिरफ्तार


