बस और ट्रैक्टर की टक्कर के बाद बस में भीषण आग, एक महिला की मौत की खबर, कई घायल

हरिद्वार। हरिद्वार में देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। शांतिकुंज के पास बस और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर के बाद बस में भीषण आग लग गई। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग घबराकर मौके पर जुट गए।


प्राप्त जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार बस और ट्रैक्टर की टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टक्कर के तुरंत बाद बस में आग लग गई और देखते ही देखते लपटें उठने लगीं। हादसे में अब तक एक व्यक्ति की मौत की सूचना सामने आई है, जबकि कई यात्रियों के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। तीन वाहनों में आग की सूचना है। इसके साथ एक महिला की मौत की भी सूचना है।


घटना की सूचना मिलते ही एम्बुलेंस की टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। स्थानीय लोगों ने भी यात्रियों को बस से बाहर निकालने में मदद की। वहीं बस में लगी आग को बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, लेकिन प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार फायर ब्रिगेड की गाड़ियां कुछ देरी से मौके पर पहुंचीं।


हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू कराया तथा यातायात को सुचारु कराने की कोशिश की।
पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बस में कितने यात्री सवार थे और घायलों की सही संख्या क्या है, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं प्रशासन ने मृतक की पहचान कराने और घायलों के इलाज की व्यवस्था शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *