हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में एक घर में घुसकर जान से मारने की नियत से हमला करने के आरोप मेे पुलिस ने महिला सहित चार के खिलाफ मामला दर्ज कर, तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं झगड़ा कर रहे एक आरोपी का भी पुलिस ने शांतिभंग मेे चालान किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीती 7 अगस्त को नया गांव देवीपुरा ज्वालापुर निवासी आकाश सैनी पुत्र संजीव सैनी ने कोतवाली में तहरीर देते हुए बताया कि रूपेश पुत्र बाबूराम, प्रणव पुत्र रूपेश, प्रशांत पुत्र रूपेश व सुनीता पत्नी रुपेश निवासी नयागांव देवीपुरा ने उसके घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की व गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक वजिन्द्र नेगी द्वारा की जा रही थी। गुरुवार को पुलिस ने तीन आरोपितों रूपेश पुत्र बाबूराम, प्रणव पुत्र रूपेश,प्रशांत पुत्र रूपेश को देवीपुरा नयागांव से गिरफ्तार कर लिया।
वहीं दूसरी ओर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सीतापुर मेे आपस में झगड़ा कर रहे एक व्यक्ति का पुलिस ने धारा 151 के तहत शांतिभंग में चालान कर दिया है। पकड़े गए आरोपी का नाम अरविंद चौहान पुत्र स्वर्गीय रामस्वरूप निवासी सीतापुर है।


