शॉर्ट सर्किट से धधका घर, दस लाख का सामान जलकर राख, पीड़ित परिवार ने मांगा मुआवजा

विनोद धीमान

हरिद्वार। धारीवाला निवासी अनिल धीमान के घर में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। घटना रविवार शाम करीब 7:45 बजे की बताई जा रही है। आग लगने से पूरे घर का सामान नष्ट हो गया और परिवार को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।


परिजनों के अनुसार, अनिल धीमान अपनी पत्नी के साथ घर पर ताला लगाकर गांव में घेर पर गाय का दूध निकालने गए थे। इसी दौरान रात करीब 8 बजे ग्रामीणों ने उनके घर में आग लगने की सूचना दी। सूचना मिलते ही पीड़ित के भाई विनोद धीमान ने 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद थाना पथरी की फेरूपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली।


सूचना मिलते ही गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। आग इतनी भयंकर थी कि कोई भी घर के पास जाने की हिम्मत नहीं कर पा रहा था। ग्रामीणों में डॉ. सोनू, अशोक, मनोज, अंशुल, विनोद सहित कई लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए हैंडपंप और टुल्लू पंप की मदद से कड़ी मशक्कत कर आग पर काफी हद तक काबू पाया।


इसी बीच अग्निशमन विभाग को भी सूचना दी गई। लक्सर से दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर पूरी तरह काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर का अधिकांश सामान जलकर राख हो चुका था। आग की भयावहता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि घर में लगे पंखे तक पिघलकर नीचे गिर गए थे।


आग बुझने के बाद परिवार ने घर का निरीक्षण किया तो कपड़े, टीवी, फ्रिज, दो डबल बेड, सोफा सेट, अलमारी में रखी करीब 75 हजार रुपये की नगदी और सोना-चांदी के जेवरात सहित लगभग सारा सामान जल चुका था।
पीड़ित अनिल धीमान ने बताया कि आग लगने से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है और घर में कोई सामान नहीं बचा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से आर्थिक सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।
स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार को जल्द राहत और उचित मुआवजा दिलाने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *