हरिद्वार में भीषण सड़क हादसा: चार वाहनों की टक्कर के बाद बस समेत कई गाड़ियों में लगी आग, 2 की मौत


हरिद्वार। हरिद्वार में रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। देहरादून मोतीचूर फ्लाईओवर के पास चार वाहनों की जोरदार टक्कर के बाद कई वाहनों में भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।


तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राप्त जानकारी के अनुसार रविवार देर रात फ्लाईओवर पर तेज गति से आ रहे चार वाहन आपस में टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि हादसे के तुरंत बाद एक वाहन में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने अन्य वाहनों को भी अपनी चपेट में ले लिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद मौके पर चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई और लोगों की चीख-पुकार सुनाई देने लगी। आग लगने के बाद घटनास्थल पर मौजूद उत्तराखंड रोडवेज की एक बस पूरी तरह जलकर खाक हो गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी सहम गए।
बताया जा रहा है कि हादसे में एक ट्रक, एक डंपर, एक एसयूवी कार और एक रोडवेज बस आपस में टकराए थे। टक्कर के बाद एसयूवी कार का सीएनजी सिलेंडर फट गया, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया।


फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। हरिद्वार से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां पहुंचीं, जबकि रायवाला से आने वाली टीम को भारी जाम के कारण मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।


फायर कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की। वहीं पुलिस ने आसपास के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर हटाया और यातायात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।


हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के बाद देहरादून-हरिद्वार हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। देर रात तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।


घायलों को अस्पताल भेजा गया
हादसे में घायल हुए लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और मृतकों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *