हरिद्वार। जिला बार संघ हरिद्वार में होली मिलन समारोह का आयोजन बड़े ही हर्षोल्लास और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर न्यायिक अधिकारियों (जजों) और अधिवक्ताओं ने मिलकर आपसी सौहार्द एवं भाईचारे के साथ होली का पर्व मनाया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जनपद एवं सत्र न्यायाधीश नरेंद्र दत्त रहे। उन्होंने सभी अधिवक्ताओं एवं न्यायिक अधिकारियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन आपसी समन्वय, सम्मान और सकारात्मक वातावरण को मजबूत करते हैं। उन्होंने न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच बेहतर संवाद और सहयोग को न्याय व्यवस्था के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला बार संघ के अध्यक्ष जसमहेंद्र सिंह ने की, जबकि कार्यक्रम का सफल संचालन जिला बार संघ के सचिव विपिन द्विवेदी द्वारा किया गया। समारोह के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने फूलों की होली खेलकर प्रेम, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता प्रदीप पालीवाल, तरसेम सिंह चौहान, सुशील भसीन, रविंद्र सिंह अरोड़ा, राजकुमार चौहान, दिनेश वर्मा, महिला अधिवक्ता उषा रानी सिंह, सारिका वर्मा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम का समापन आपसी शुभकामनाओं और सौहार्दपूर्ण वातावरण के साथ हुआ, जहां सभी ने रंगों के इस पावन पर्व को मिलजुलकर मनाने का संकल्प लिया।


