हरिद्वार:हरीश रावत ने निकाली भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा;भाजपा पर जमकर बरसे

हरिद्वार। बुधवार को हरिद्वार में कांग्रेसियों ने तिरंगा यात्रा निकाली। जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत शामिल हुए। इस दौरान हरीश रावत हाथ में तिरंगा लेकर देशभक्ति के गीत पर जमकर थिरके। शिवमूर्ति से आरम्भ हुई भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा हरकी पैड़ी पर पहुंचकर सम्पन्न हुई।
भारत जोड़ो तिरंगा यात्रा में भारी संख्या में कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस नेता हरीश रावत ने कहा कि अंग्रेज भारत छोड़ो की कल 80वीं वर्षगांठ थी। आजादी के 75 वर्ष पूरे होने पर कांग्रेस देश जोड़ो तिरंगा यात्रा प्रदेश की हर गली और गांव-गांव में निकाल रही है। जिसका मुख्य उद्देश्य भारत को एकजुट करना है।
पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक की गली के बाहर बीजेपी नेता एवं खादी ग्रामोद्योग के सदस्य दीपक टंडन के घर पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग पर हरीश रावत ने कहा कि यह भाजपा सरकार की पहचान है। जो कुछ हुआ है, जिस तरीके से धर्मनगरी हरिद्वार में जहां प्रेम और स्नेह की गंगा बहती थी। वहां भाजपा ने गोली और शराब का राज कायम कर दिया है। यह इसी का नतीजा है। पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के हटने के बाद भाजपा में मिठाईयां बंट रही है। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि पहले मिठाईयां बंटी, अब गोलियां चली और अब थोड़े समय बाद चप्पल-जूते भी चलेंगे। अब जनता के सामने भाजपा का असली चरित्र सामने आ रहा है।
हरीश रावत ने बिहार में नई सरकार बनने पर कहा कि महाराष्ट्र में ईडी, इनकम टैक्स, आईबी, सीबीआई के दम पर सत्ता परिवर्तन किया, लेकिन बिहार में जनता की भावना ने सत्ता परिवर्तन कराया है। इस समय बिहारी नहीं, बल्कि पूरा हिंदुस्तान नीतीश और तेजस्वी यादव के साथ राहुल व सोनिया गांधी जिंदाबाद के नारे लगा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *