घर में घुसा गुलदार, गांव में दहशत

हरिद्वार। क्षेत्र के धनौरा गांव में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब एक गुलदार अचानक एक ग्रामीण के घर के अंदर घुस आया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गुलदार घर के भीतर घूमता हुआ साफ दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।


जानकारी के अनुसार, कलियर थाना क्षेत्र के धनौरा गांव में देर रात ग्रामीण अपने घरों में थे, तभी अचानक एक गुलदार किसी तरह घर के अंदर घुस आया। घर में जंगली जानवर को देखकर परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। किसी तरह खुद को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाकर लोगों ने शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के ग्रामीण भी मौके पर एकत्र हो गए।


इस दौरान किसी ने घटना का वीडियो सामने आया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में गुलदार घर के अंदर इधर-उधर घूमता दिखाई दे रहा है।


ग्रामीणों का कहना है कि पिछले कुछ समय से क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं। कई बार खेतों और गांव के आसपास गुलदार के दिखाई देने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं, लेकिन इस तरह किसी के घर में घुस जाना बेहद चिंताजनक है।


घटना के बाद गांव में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल कार्रवाई करने और गुलदार को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते उचित कदम नहीं उठाए गए तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता।


उधर, ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे रात के समय विशेष सतर्कता बरतें। अपने घरों के दरवाजे और खिड़कियां अच्छी तरह बंद रखें, बच्चों और पशुओं को सुरक्षित अंदर रखें तथा बिना जरूरी काम के रात में बाहर न निकलें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तुरंत वन विभाग या स्थानीय प्रशासन को सूचना देने को कहा गया है।


फिलहाल वन विभाग की टीम को घटना की सूचना दे दी गई है और क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने की बात कही जा रही है। ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *