हरिद्वार। जनपद के भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकरोड़ा गांव में एक ही परिवार के दो पक्ष आपस में भिड़ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ। जिसमें दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत करवाया। जिसके बाद घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया। पुलिस ने झगड़ा कर रहे लोगों में से चार लोगों को हिरासत में लिया है। इस मामले में अभी तक किसी भी पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई है।
बता दें भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकरोड़ा गांव निवासी रफीक की 2018 में मौत हो गई थी। मृतक रफीक के पास खेती की 36 बीघा जमीन थी। रफीक ने अपने तीनों बेटों सुलेमान, अतीक और शफीक के नाम नौ-नौ बीघा जमीन की हुई है। 9 बीघा जमीन की देखभाल रफीक के बड़े भाई करते हैं, जिनका नाम भी रफीक है। रफीक के बेटे अतीक का आरोप है कि उनका बड़ा भाई सुलेमान उनकी जमीन पर कब्जा करना चाहता है। जिसके चलते उनके साथ कई बार मारपीट भी कर चुका है। आरोप है कि शनिवार की सुबह भी उनके भाई ने उनके ऊपर हमला किया। जिसके बाद दोनों पक्षों की तरफ से लाठी-डंडे चले। साथ ही पथराव भी हुआ। इस झगड़े में दोनों पक्षों के 5 लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों का उपचार सिविल अस्पताल में चल रहा है।
भगवानपुर थाना प्रभारी अमरजीत सिंह ने बताया कि झगड़े की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस को भेजा गया। झगड़ा कर रहे लोगों में से 4 लोगों को हिरासत में लिया गया है। अभी किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।