हरिद्वार। बुधवार को एक पुराने विवाद को लेकर युवकों के दो गुट के बीच फायरिंग हो गई। फायरिंग के दौरान एक राहगीर युवक गोली लगने से घायल हो गया। घायल को सिविल अस्पताल रूड़की भेजा गया, जहां से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
घटना रूड़की सिविल लाइंस कोर्ट क्षेत्र के नगला इमरती की है। यहां सुबह करीब 11 बजे बाईकों पर सवार युवकों के दो गुट पुराने विवाद को लेकर आमने-सामने आ गए। दोनो पक्षों के बीच कहासुनी होने लगी देखते ही देखते दोनों ओर से युवकों ने एक दूसरे पर तमंचा तान दिया।
देखते ही देखते दो से तीन राउंड फायरिंग हुई। वहीं दूसरी ओर से भी गोली चलाई गई। गोली पास से गुजर रहे एक अन्य युवक के जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक को गोली लगने के बाद आपस में झगड़ रहे दोनों गुट मौके से फरार हो गए।
सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस घायल को उपचार के लिए सिविल अस्पताल लेकर गई जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। घायल का नाम रजत निवासी नगला इमरती बताया गया है। पुलिस ने आरोपितों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल के पास लगे नगला इमरती गांव में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगालने में जुटी है।
इस संबंध में एसपी देहात स्वप्न किशोर सिंह का कहना है कि युवकों के दो गुटों के बीच पहले भी विवाद हुआ था, जिसके चलते आज वह फिर आमने-सामने आ गए और एक दूसरे पर फायरिंग की। इस घटना में एक राहगीर युवक घायल हुआ है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।


