हरिद्वार। मंगलौर–भगवानपुर नेशनल हाईवे पर पनियाला गांव के पास सोमवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक और हरियाणा रोडवेज की बस की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हरियाणा रोडवेज की बस सोमवार सुबह करीब 8:30 बजे हरिद्वार से फतेहाबाद (हरियाणा) के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 30 यात्री सवार बताए जा रहे हैं। जब बस सालियर बाईपास के पास पनियाला गांव के समीप पहुंची, तभी सामने से आ रहे गैस सिलेंडरों से भरे ट्रक से उसकी जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में बैठे कई यात्री घायल हो गए। इस दुर्घटना में करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों में महिलाएं भी शामिल हैं।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची गंगनहर कोतवाली पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को रुड़की सिविल अस्पताल और आसपास के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया।
दुर्घटना के बाद नेशनल हाईवे पर लंबा जाम लग गया, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को सुचारू कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाने की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


