एक पिता ने अपनी ही सगी नाबालिग बेटी के साथ बलात्कार की घटना को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 40 वर्षीय आरोपी मूलरूप से नेपाल का रहने वाला है। कई साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़ कर चली गई थी। पत्नी अपनी एक बेटी को भी साथ ले गई थी। बताया जा रहा है कि आरोपी 2013 में हत्या के एक मामले में जेल में बंद था। 7 साल की सजा काटने के बाद 2019 में जेल से बाहर आया था। उसके जेल से छूटने से पहले उसकी पत्नी उसको छोड़ कर जा चुकी थी। एक बच्ची को वो अपने साथ ले गई जबकि उसके दो बच्चों का पालन पोषण आरोपी की दीदी कर रही थी।
आरोपी की 13 और 15 साल की दो बेटियां हैं। आरोप है कि ये शख्स अपनी 15 साल की बेटी के साथ पिछले काफी दिनों से दुष्कर्म की घटना को अंजाम देता आ रहा था। उसके साथ मारपीट भी करता था। जिससे तंग आकर दोनों बहनें काठगोदाम थाने पहुंची। किशोरी ने अपने साथ हुई घटना पुलिस को बताई। जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
आरोप है कि मंगलवार रात उसने बेटी के साथ दुष्कर्म किया। जब बेटी ने विरोध किया तो उसे बुरी तरह पीटा। पुलिस ने पीडि़ता के छोटी बहन की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि दुष्कर्म का आरोपी एक हत्या का भी आरोपी है। वर्ष 2013 में हल्द्वानी कोतवाली क्षेत्र में दोस्त राजीव के साथ मिलकर इसने एक व्यक्ति की हत्या कर दी थी।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों ने मिलकर लाश को नहर में फेंक दिया था। इस मामले में सात साल की सजा काटने के बाद वह जमानत पर रिहा हुआ। थानाध्यक्ष प्रमोद पाठक ने बताया कि मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। गुरुवार को आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। थाना प्रभारी प्रमोद पाठक ने बताया कि किशोरी का मेडिकल प्रशिक्षण कराया जाएगा।


