हरिद्वार। दिल्ली पुलिस के नाम का फर्जी बैच लगाकर होटल संचालकों को चुना लगाने वाले दिल्ली पुलिस के एक नकली सब इंस्पेक्टर को हरिद्वार पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक दिल्ली निवासी हिमांशु उर्फ हैप्पी को पुलिस की वर्दी में रोब गालिब कर होटलों में ऐश करने का शौंक है। इसी शौंक के चलते आरोपी हरिद्वार, देहरादून और मसूरी जैसी जगहों पर जाकर होटलों में दिल्ली पुलिस का फर्जी एएसआई का कार्ड दिखाकर दावतें उड़ा चुका है। आरोपी लंबे समय से ऐसा कर रहा था,लेकिन उसकी चालाकी तब पकड़ी गई जब आरोपी बीती 25 दिसंबर को हरिद्वार के एक होटल में पहुंचा और उसने खुद को दिल्ली पुलिस का एएसआई बताते हुए दोस्तों संग होटल में पार्टी की और 26 दिसंबर को बिना बिल दिए वापस चला गया।
बताया गया कि इसके बाद आरोपी दुबारा 17 जनवरी को हरिद्वार के उसी होटल में पहुंचा,लेकिन इस बार उसने दिल्ली पुलिस का जो फर्जी कार्ड दिखाया वो हिमांशु नहीं बल्कि अंकित शेहरावत के नाम से था, जिस पर होटल संचालक को उस पर कुछ संदेह हुआ। इस बार भी आरोपी ने पुलिस को रौब दिखाते हुए होटल संचालक को करीब 14 हजार रुपए का चूना लगाया और वहां से निकल गया। लेकिन इस बार होटल संचालक ने पुलिस से मामले की शिकायत की। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू की। आरोपी की तलाश में हरिद्वार पुलिस की एक टीम दिल्ली पहुंची और वहां से उसे गिरफ्तार कर लिया।
कोतवाली प्रभारी भावना कैंथोला ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम व पता हिमांशु हैप्पी निवासी दिल्ली के 814 पाना, मंडान गांव बवाना थाना बवाना नॉर्थ वेस्ट दिल्ली बताया है। आरोपी के पास से दिल्ली पुलिस का फर्जी कार्ड बरामद किया गया है। आरोपी के खिलाफ सम्बन्धित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।


