एक पूर्व फौजी ने अपनी चचेरी बहन और मामी पर गोली चला दी। जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मामले में पुलिस ने आरोपी फौजी को गिरफ्तार कर लिया। घटना राजधानी देहरादून के प्रेमनगर इलाके की है।
जानकारी के मुताबिक देहरादून के प्रेमनगर स्थित विंग नंबर सात में 11 जनवरी को आशा क्षेत्री के पति का वार्षिक श्राद्ध था। इसमें आशा के पति का भांजा विक्की क्षेत्री व अन्य रिश्तेदार भी आए हुए थे। जहां आशा क्षेत्री व विक्की के बीच किसी बात पर विवाद होने लगा। आशा के साथ ही उनकी भांजी मंजू भी मौजूद थी। मंजू विक्की की चचेरी बहन भी है। इस झगड़े में विक्की ने अपनी लाइसेंसी पिस्तौल से दोनों पर एक-एक फायर कर दिया।
हालांकि गनीमत रही कि गोलियों दोनों के बगल से होकर निकल गई। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज करते हुए शुक्रवार को आरोपी पूर्व फौजी को गिरफ्तार कर लिया। जिसके बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार विक्की ने बताया कि,2014 में वह नौवीं गढ़वाल राइफल्स से सेवानिवृत्त के बाद से प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है। आशा और मंजू ने एक बार उसकी पत्नी से कहा था कि उसके किसी दूसरी महिला से संबंध हैं। इस बात को लेकर विक्की का उसकी पत्नी से विवाद होने लगा। जिससे विक्की इन दोनों से खुन्नस रखने लगा था।