बिजली चेकिंग के दौरान ऊर्जा निगम टीम पर हमला, लाइनमैन से हाथापायी, वीडियो वायरल

विनोद धीमान


हरिद्वार। लक्सर के सुल्तानपुर क्षेत्र में बिजली चोरी की जांच के दौरान ऊर्जा निगम की टीम के साथ मारपीट और गाली-गलौज का गंभीर मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग में रोष व्याप्त है। पीड़ित लाइनमैन ने सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।


ऊर्जा निगम में तैनात लाइनमैन अशरफ अली ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार दोपहर करीब 2. 20 बजे वह अपने अधिकारियों व सहकर्मियों के साथ ग्राम मोहम्मदपुर कुन्हारी में बिजली के तारों की जांच के लिए पहुंचे थे। जांच के दौरान पाया कि एक घर में खमबे पर केवल बंधकर बिजली चोरी की जा रही थी जब वह छत पर चढ़कर केबल काट रहे थे, तभी नफीसा अपने दो पुत्रों के साथ वहां पहुंची और उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी।


आरोप है कि महिला और उसके पुत्रों ने लाइनमैन के हाथ से केबल छीन ली, गाली-गलौज की और सरकारी कार्य में जानबूझकर बाधा डाली। इस दौरान टीम के अन्य कर्मचारियों को भी विरोध का सामना करना पड़ा। पूरी घटना का वीडियो किसी स्थानीय व्यक्ति ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
ऊर्जा निगम के अवर अभियंता पवन सक्सेना ने बताया कि सरकारी ड्यूटी के दौरान कर्मचारी के साथ मारपीट की गई है, जो बेहद निंदनीय है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।


वहीं भट्टीपुर उपखंड अधिकारी सचिन सचदेवा ने बताया कि विभाग द्वारा बकायादार उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे जा रहे हैं और साथ ही बिजली चोरी के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मोहम्मदपुर कुन्हारी में चेकिंग के दौरान एक महिला के यहां बिजली चोरी पकड़ी गई थी। जब लाइनमैन अशरफ अली छत पर चढ़कर केबल काटने गए, तभी महिला अपने दो पुत्रों के साथ कर्मचारियों से गाली-गलौज और मारपीट पर उतारू हो गई। इस संबंध में सुल्तानपुर पुलिस चौकी में तहरीर दी गई है।


पुलिस का कहना है कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *