बैंक से एक करोड़ रुपये गबन करने के आरोपी बैंक मैनेजर को दून पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। मैनेजर रहते हुए यूनियन बैंक ऑफ इंडिया में एक करोड़, एक लाख 50 हजार के लोन गबन के मामले में आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था।
देहरादून के निरंजनपुर स्थित यूनियन बैंक ऑफ इंडिया शाखा में प्रबंधक अभिषेक राणा की पोस्टिंग हुई तो उन्हें रिकॉर्ड में गड़बड़ी की आशंका हुई। इसके बाद ऑडिट कराया गया। ऑडिट में पता चला कि उनसे पूर्व में रहे प्रबंधक अमित सिंह ने 1करोड़ 1 लाख 50 हजार रुपए का लोन गबन किया है। ऑडिट के बाद शाखा प्रबंधक राणा ने पटेल नगर थाने में लोन गबन का मुकदमा दर्ज कराया। शाखा प्रबंधक राणा ने आरोप लगाया कि उन्होंने जिस पूर्व शाखा प्रबंधक अमित सिंह के स्थान पर नियुक्ति ली, उसने लोन के नाम पर 1 करोड़ 1 लाख 50 हजार का गबन किया है। तत्कालीन प्रबंधक अमित सिंह ने शिवानी पत्नी स्वप्निल कुमार और मनोहर सिंह पुत्र नाथीराम के नाम 1 करोड़ 1 लाख 50 हजार रुपए के दो अलग-अलग लोन जारी किए थे।
अमित ने फर्जी और कूट रचित तरीके से खाते खुलवाकर इस फ्रॉड को अंजाम दिया। मुकदमा दर्ज होने के बाद अमित सिंह फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट लिए। देहरादून पुलिस ने अमित सिंह के ऊपर 10 हजार रुपए का इनाम भी घोषित किया। आखिरकार पुलिस को सूचना मिली कि गबन का आरोपी अमित दिल्ली में छिपा है। देहरादून पुलिस ने अमित सिंह पुत्र बुद्धि सिंह को 266 ब्लॉक 12, त्रिलोकपुरी पटपड़गंज, थाना कल्याणपुरी, दिल्ली स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया।