राजनीतिक वर्चस्व को लेकर हुई पत्थरबाजी में पुलिस ने आठ को किया गिरफ्तार

21 नामजद व 50 के खिलाफ किया था मुकदमा दर्ज, शेष की तलाश जारी
हरिद्वार।
नगर निकाय चुनाव के बीच बीते रोज कलियर थाना क्षेत्र के ग्राम महमूदपुर में राजनीतिक वर्चस्व को लेकर दो पक्षों में आपसी विवाद के कारण हुई पत्थरबाजी में पुलिस ने आठ आरोपितों को गिरफ्तार कर उनका शांतिभंग में चालान कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में 21 नामजद व 50 अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।


जानकारी के मुताबिक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के समर्थकों में किसी बात को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। मामला इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों की तरफ से जमकर पथराव हो गया। इस घटना में दो कार समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए.। ईटों की बौछार के बीच लोग जान बचाकर भागे। बताया गया है कि इस घटना में एक पक्ष के तीन लोग घायल हुए हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत कराया। मौके पर पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के मुताबिक पिरान कलियर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव के वार्ड नंबर तीन में दो सभासद प्रत्याशियों के समर्थकांे के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर संघर्ष हो गया। पहले लाठी-डंडे चले और फिर जमकर ईंट पत्थर चलने लगे।


बताते हैं कि आम आदमी पार्टी की तरफ से दानिश ने सभासद का नामांकन किया है। तनवीर कांग्रेस समर्थित सभासद प्रत्याशी हैं। शुक्रवार को तनवीर पक्ष चुनाव चिन्ह लेकर घर की तरफ रवाना हुए थे। रास्ते में दानिश पक्ष के वाहन खड़े थे, जिसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। जिसके बाद जमकर लाठी-डंडे चले। देखते ही देखते दोनों पक्षों में ईंट और पत्थर बरसने लगे। जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। इस मामले में पुलिस ने खुद मुकदमा दर्ज कर आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सभी के खिलाफ घटना में शामिल 21 नामजद व 50 अज्ञात आरोपितों केे विरुद्ध बलवा सहित अन्य प्रभावित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अभी भी क्षेत्र में पुलिस फोर्स तैनात है।

पकड़े गए आरोपितों के नाम फरहत, आसिफ, सलामत, रोशन, बहदत, सुहेब, मुकीम व आलीशान निवासीगण ग्राम महमूदपुर थाना पिरान कलियर जनपद हरिद्वार बताए गए हैं। पुलिस ने सभी का चालान कर दिया है। पुलिस शेष आरोपितों की तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *