हरिद्वार की सड़कों पर टहलती मौत: सांड के हमले में बुजुर्ग की मौत

विनोद धीमान

हरिद्वार। धर्मनगरी हरिद्वार में आवारा सांडों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। कनखल थाना क्षेत्र के जगजीतपुर इलाके में एक आवारा सांड के हमले में 75 वर्षीय बुजुर्ग की दर्दनाक मौत हो गई। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी देखने को मिल रहा है।


जानकारी के अनुसार, घटना जगजीतपुर स्थित मांगेराम की पुलिया के पास गुरुवार देर शाम की है। 75 वर्षीय रामकिशन, निवासी जगजीतपुर, सड़क किनारे खड़े थे। तभी पीछे से अचानक आए एक आवारा सांड ने उन पर हमला कर दिया। सांड ने पहले उन्हें जोरदार टक्कर मारी और फिर सींगों पर उठाकर सड़क पर पटक दिया। इस अचानक हुए हमले से बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने किसी तरह सांड को वहां से भगाया और घायल बुजुर्ग को तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
वायरल हो रहे सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बुजुर्ग सड़क किनारे खड़े हैं और अचानक पीछे से तेज रफ्तार में आया सांड उन्हें टक्कर मार देता है। टक्कर लगते ही बुजुर्ग सड़क पर गिर पड़ते हैं। इसके बाद सांड उन्हें सींगों से उठाकर जमीन पर पटक देता है, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आती हैं।


घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि जगजीतपुर क्षेत्र में लंबे समय से आवारा सांड और मवेशियों की समस्या बनी हुई है। कई बार नगर निगम और प्रशासन से शिकायत करने के बावजूद भी इन्हें पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से जल्द इस समस्या का समाधान करने की मांग की है।
सूचना मिलने पर कनखल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। कनखल थाना प्रभारी डीएस रावत ने बताया कि मृतक की पहचान 75 वर्षीय रामकिशन निवासी जगजीतपुर के रूप में हुई है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई लिखित शिकायत नहीं दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *