कमरे में लटका मिला नव विवाहिता का शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

हरिद्वार। जनपद के झबरेड़ा थाना क्षेत्र में एक नवविवाहिता का शव कमरे में लटका मिला है। शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। मृतक महिला के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर हत्या का आरोप लगाया है।

जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के देवबंद स्थित एक गांव निवासी 21 वर्षीय युवती की शादी करीब चार महीने पहले झबरेड़ा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक के साथ हुई थी। मंगलवार सुबह नवविवाहिता का शव कमरे के अंदर लटका हुआ मिला। शव लटका मिलने की सूचना पर आसपास के क्षेत्र में सनसनी फैल गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। पुलिस ने शव को नीचे उतरा और पंचनामे की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए रुड़की के सिविल अस्पताल भिजवाया। मृतका के परिजनों का आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी से दहेज की मांग कर उसे परेशान करते थे।

उन्‍होंने आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष के लोग उनकी बेटी के साथ मारपीट भी करते थे। ससुराल पक्ष की तरफ से गांव के कुछ जिम्मेदार लोग उनकी बेटी को ससुराल ले गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि अब ससुराल के लोगों ने उनकी बेटी की हत्या की है।

वहीं, ससुराल पक्ष के लोगों का कहना है कि उनके ऊपर लगाए गए आरोप निराधार है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का इंतजार कर रही है। झबरेड़ा थानाध्यक्ष अंकुर शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अभी तक इस मामले में कोई भी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने के बाद पूरे मामले में आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *