नगर कोतवाली ऋषिकेश क्षेत्र के चंद्रेश्वर नगर में लगे एसटीपी प्लांट से संदिग्ध परिस्थितियों में एक युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव जूते के फीते से लटका हुआ था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, बुधवार की सुबह मरीन ड्राइव पर टहल रहे लोगों को एसटीपी प्लांट की ग्रिल से एक युवक जूते के फीते से लटका नजर आया। जिसे देख उनके होश उड़ गए और आनन-फानन में इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारा। जिसके बाद शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, युवक के शव को लेकर पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की।
त्रिवेणी घाट चौकी प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान 45 वर्षीय दीपचंद निवासी चंद्रेश्वर नगर के रूप में हुई है। बीती रात दीपचंद का अपनी पत्नी रोमा के साथ झगड़ा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची थी, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही दीपचंद फरार हो गया था। जिसके बाद पुलिस रोमा को झगड़ा न करने की बात समझा कर वापस लौट आई। बुधवार की सुबह दीपचंद का शव एसटीपी प्लांट की ग्रिल से लटका हुआ मिला। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के स्पष्ट कारण पता चल पाएंगे। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है।


