वन विभाग को नुकसान का आकलन कर किसानों को शीघ्र मुआवजा देने के निर्देश, क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार के पुनर्निर्माण पर दिया जोर
हरिद्वार। रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने ग्राम औरंगाबाद में हाथियों द्वारा किसानों की फसलों को पहुंचाए गए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने वन विभाग के अधिकारियों के साथ प्रभावित खेतों का जायजा लिया और किसानों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को फसलों के नुकसान का निष्पक्ष आकलन कर नियमानुसार शीघ्र मुआवजा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
विधायक ने कहा कि वन्यजीवों की आवाजाही के कारण किसानों की फसलों को बार-बार नुकसान पहुंचना गंभीर समस्या है। इसके समाधान के लिए वन विभाग को आबादी वाले क्षेत्रों और कृषि भूमि में हाथियों की आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी इंतजाम करने चाहिए, ताकि किसानों को होने वाले नुकसान पर अंकुश लगाया जा सके।
उन्होंने राजाजी राष्ट्रीय उद्यान के निदेशक से दूरभाष पर वार्ता कर पूर्व में क्षतिग्रस्त सुरक्षा दीवार का पुनर्निर्माण कराने और वन्यजीवों की आवाजाही रोकने के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय करने को कहा। उन्होंने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समस्या का स्थायी समाधान निकालने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सदस्य बिमलेश देवी, विजय चौहान, शशांक चौहान, चरण सिंह सहित वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने किसानों को राहत दिलाने और हाथियों से फसलों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने पर जोर दिया।

