कांग्रेसी नेताओं ने लगाये संजय गुप्ता को सांसद बनाने के नारे, देखें वीडियो

हरिद्वार। आसन्न लोकसभा चुनावों के लिए राजनैतिक दल तैयारियों में जुट गए हैं। इसी के साथ चुनाव लड़ने के इच्छुक नेतागण भी अपनी जोर आजमाइश करने लगे हैं। टिकट पाने का इच्छुक अपने-अपने तरीके से गुणा-भाग में लगा है, किन्तु भाजपा नेता की सांसद के लिए दावेदारी के लिए अब कांग्रेसी नेता भी खुलकर समर्थन करने लगे हैं। ऐसे में अंदाजा लगाया जा सकता है कि कांग्रेस हरिद्वार सीट पर चुनाव से पहले ही हार मान चुकी है।


हुआ यूं कि कनखल वैश्य कुमार सभा भवन में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि पूर्व विधायक संजय गुप्ता को आमंत्रित किया गया। कार्यक्रम में अधिकांश कांग्रेस के नेतागण शामिल थे। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने हमारा सांसद कैसा हो, संजय गुप्ता जैसा हो के जमकर नारे लगाए। इसका वीडियो वायरल होने के बाद से हरिद्वार कांग्रेस में खलबली मची हुई है। बता दें कि यहां कांग्रेस पहले से ही कई गुटों में बंटी हुई है। अब संजय गुप्ता के चुनावी मैदान में उतरने की तैयारियों के चलते कांग्रेस के भीतर एक गुट और तैयार हो गया है।


वैसे देखा जाए तो कांग्रेसी नेताओं ने कांग्रेस की हरिद्वार सीट पर थाह देखकर संजय गुप्ता के समर्थन में नारेबाजी की। हरिद्वार में फिलहाल कांग्रेस के टिकट पर कोई दावेदार सामने नहीं आया है। जबकि भाजपा में दावेदारों की फेहरिस्त लम्बी होती चली जा रही है। ऐसे में स्थानीय कांग्रेसी यह मान बैठे हैं कि इस बार भी हरिद्वार सीट पर आयात किया हुआ नेता ही चुनाव लड़ेगा। इस कारण से वे स्थानीय के समर्थन में खड़ा होना बेहतर समझ रहे हैं।


वैसा देखा जाए तो अन्य दावेदारों के मुकाबले संजय गुप्ता की दावेदारी मजबूत है। सूत्र बताते हैं कि हाल ही में हुए आंतरिक सर्वे में भी संजय गुप्ता को भरपूर समर्थन हासिल हुआ है। वैसे भी संजय गुप्ता हरिद्वार सीट से चुनाव लड़ने की पूरी तैयारी कर चुके हैं। जनता के बीच में जाना और सामाजिक कार्यों में उनकी भागीदारी इसी ओर इशारा कर रही है। वहीं लक्सर में बाढ़ पीडि़तों को मदद पहुंचना, स्कूलों में बच्चों को लम्बे समय से पाठ्य सामग्री वितरित करना, महिलाओं को वस्त्र वितरित करना इसी कड़ी का हिस्सा बताया जा रहा है। हालाकि संजय गुप्ता इन सबको राजनीति से परे रखते हैं। उनका मानना है कि यह सेवा कार्य है और सेवा कार्य को राजनीति से अलग रखा जाना चाहिए। वहीं नवम्बर माह में एक सौ गरीब कन्याओं का विवाह भी संजय गुप्ता करवाने जा रहे हैं। संजय गुप्ता के समर्थन में कांग्रेसियों द्वारा सांसद बनाने की नारेबाजी ने कांग्रेस को नया संदेश देने का भी कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *